कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह का पटना में निधन

Patna (Liveindianews18)। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह का आज पटना में लंबी बीमारी के बाद निधन (Sadanand Singh Death) हो गया। भागलपुर जिले के रहने वाले सदानंद सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे जिसके बाद उनको इलाज के लिए पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का निधन पटना के सगुना मोड़ स्थित क्यूरिस अस्पताल में हुआ है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद विभिन्न दलों के नेताओं ने जाकर उनसे अस्पताल में मुलाकात की थी। सदानंद सिंह के निधन के बाद से बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।

सदानंद सिंह बिहार में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ राजनेता थे। वो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा लंबे समय तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। सदानंद सिंह साल 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे। करीब 10 साल तक कांग्रेस विधायक दल के नेता रहे। सदानंद सिंह बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री रह चुके थे। उनके सभी दलों के नेताओं से काफी मधुर संबंध थे साथ ही वो लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय थे।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)