सासाराम में कंटेनर में स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, सात की मौत, पांच जख्मी

सासाराम। रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी पेट्रोल पंप के पास एनएच दो पर बुधवार की सुबह एक कंटेनर में स्कार्पियो की टक्कर होने से सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी, दो बच्चे और भतीजी शामिल हैं। जबकि पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं।

बताया जाता है कि कैमूर जिला के सबार थाना के कुडियारी निवासी सुदेश्वर शर्मा स्कार्पियो खरीदने के बाद अपने बेटा बेटी, दामाद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को झारखंड के रामगढ़ जिला के रजरप्पा स्थित मां छिन्मस्तिका देवी का दर्शन कर बोधगया होते बुधवार की सुबह अपने गांव लौट रहे थे। तभी स्कार्पियो चालक की नींद आने से आगे जा रही एक कंटेनर में वह टक्कर मार दिया। जिससे सात लोगों की मौत हो गई और पांच जख्मी हैं।

मृतकों में राजमती देवी 55 वर्ष पति 65 वर्ष पति सुधेश्वर शर्मा, कुरियारी थाना सबार, उनके दामाद व कैमूर जिला के मोहनिया थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी अरविन्द शर्मा 40 वर्ष, पिता सरयू प्रसाद शर्मा, अरविंद शर्मा की पत्नी सोनी कुमारी 35 वर्ष, पुत्र आदित्य कुमार आठ वर्ष व पुत्री रिया कुमारी नौ वर्ष, भतीजी तारा कुमारी 22 वर्ष व चांदनी कुमारी15 वर्ष पिता अरुण कुमार शामिल हैं।

वहीं घायलों में सिदेश्वर शर्मा, रविनंदन प्रियदर्शी 30 वर्ष, रितु शर्मा 14 वर्ष, दिव्या कुमारी 26 वर्ष व उपेंद्र शर्मा 32 वर्ष शामिल हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल सासाराम में प्रारंभिक इलाज के बाद वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है। जिसमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जाती है घटना में स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर स्थानीय थाने की पुलिस दो घंटे बाद पहुंचीं। जबकी डायल 112 और टोल प्लाजा के पेट्रोलिंग गाड़ी घटना स्थल पर 30 मिनट में पहुंच गई।

पेट्रोल पंप के कर्मियो ने बताया कि थाने की सरकारी नंबर बंद था, जिसके बाद डायल 112 और टोल प्लाजा के पेट्रोलिंग गाड़ी को सूचना दी गई। टोल प्लाजा के हाईड्रा गाड़ी से स्कार्पियो को कंटेनर से बाहर खींच कर निकाला गया। पुलिस शवों का पोस्टमॉर्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है।

सिद्धेश्वर शर्मा एक स्कार्पियो गाड़ी तीन दिन पूर्व ही खरीदे थे। जिसकी पूजा करने अपने स्वजनों के साथ रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका देवी गए थे। वहां से पूजा कर मंगलवार को गया और बोधगया में दर्शन पूजा के लिए रुक गए। इसके बाद वे बुधवार की अल सुबह बोधगया से गांव के लिए निकले थे। पुलिस का मानना है कि लगभग चार बजे भोर में चालक को नींद आने के कारण स्कार्पियो आगे चल रही एक कंटेनर में जा टकराई। घटना के संबंध में जख्मी अभी कोई बयान देने में असमर्थ हैं।

सात सीट की क्षमता वाली स्कार्पियो में 12 लोग सवार थे। वाहन खरीदने की खुशी में नजदीकी लोगों को रजरप्पा और बोधगया दर्शन पूजन के लिए निमंत्रित किया गया था। स्कार्पियो में सिद्धेशर शर्मा, उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्रवधु, बेटी, दामाद और उनके दो बच्चे, दो भतीजी और पुत्रवधु के भाई शामिल थे। शिवसागर थानाध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो और कंटेनर पुलिस ने जब्त कर लिया है।