महिलाओं के सर्वांगीण विकास में जीविका की भूमिका सराहनीय : डीडीसी

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ओबरा प्रखंड के खरांटी गांव में तिरंगा जीविका संकुल संघ द्वारा संचालित जीविका ग्रामीण बाजार का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक पवन कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक ममता कुमारी एवं नन फार्म मैनेजर रिंकी कुमारी ने फीता काट कर किया।

इस मौके पर डीडीसी ने ग्रामीण बाजार के हर एक पहलु को विस्तृत रूप से जाना और भविष्य में जीविका बाजार से ग्रामीण महिलाओं को कितना लाभ होगा तथा इस तरह के मार्ट से जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को कितनी आमदनी होगी, पर विस्तृत चर्चा तिरंगा संकुल स्तरीय संघ की दीदीयों और जीविका कर्मियों के साथ की।

कार्यक्रम के बाद ओबरा के नगर भवन में जीविका द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त के साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक पवन कुमार और संगम फेडरेशन की अध्यक्ष संगीता देवी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नगर भवन में महिलाओं को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। महिलाएं अपने घर परिवार का भविष्य बड़ी मेहनत से तराशती हैं। घर में और घर के बाहर वह पूरे जज्बे के साथ काम करती हैं। जीविका परियोजना ऐसी ही महिलाओं के सर्वांगीण उत्थान में अत्यंत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर संगीता देवी, वंदनी कुमारी, माया कुमारी, अर्चना कुमारी ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम का संचालन संचार प्रबंधक राजीव रंजन ने किया। वहीं कार्यक्रम में अर्चना कुमारी, विक्रांत कुमार, नवीन कुमार, शम्भू कुमार, गीता कुमारी, श्रवण कुमार, मो. आरिफ, राजीव कुमार रंजन, बीना गुप्ता, जयराम सिंह, रणंजय राय सहित कई लोग उपस्थित थे।