प्यार से इन्कार करना पड़ा महंगा, सनकी ने धारदार हथियार से कर दी पिता व दो पुत्री की हत्या

  • घर की छत पर परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे तभी बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
  • घटना स्थल पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

छपरा : सारण जिले में प्यार करने से इन्कार करना एक किशोरी को भारी पड़ा गया। सनकी ने किशोरी व उसके पिता समेत तीन लोगों की मंगलवार रात हत्या कर दी। घटना में किशोरी की मां भी जख्मी हो गई है। बताया जाता है कि रसूलपुर थाना क्षेत्र के धनाडीह गांव में छत पर सोए हुए पति-पत्नी व उनके दो पुत्री पर मंगलवार की देर रात में धारदार हथियार से हमला किया गया। इसमें पिता एवं दो पुत्री की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि उनकी पत्नी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज एकमा अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक धनाडीह गांव निवासी तारकेश्वर सिंह अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ छत पर सोए हुए थे। इसी बीच बदमाश उनके घर की छत पर चढ़ गए और धारदार हथियार से सभी पर जमकर प्रहार किये। इसमें तारकेश्वर सिंह के साथ उनकी 17 वर्षीय बेटी चांदनी एवं 15 वर्षीय बेटी आभा की मौत मौके पर ही हो गई। पत्नी शोभा देवी किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग गई हालांकि वह भी गंभीर रूप से घायल हुई। उन्हें इलाज के लिए एकमा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से छपरा रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रसूलपुर के साथ आसपास के थाने के पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई। बताया जाता है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ भी बताया जा रहा है। इस घटना को लेकर गांव के लोग काफी दहशत में है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है और सभी स्थितियों पर नजर रखी हुई है।

रसूलपुर थानाध्य्क्ष प्रभात कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आरोपियों की धर पकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे घटना के बाबत जानकारी ली जा रही है। वे स्वयं पुलिस बल के साथ-साथ छापेमारी में लगे हुए हैं।

घटना के संबंध में सारण एसपी डॉ कुमार आशीष ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों गांव के ही रहने वाले रोहित और अंकित हैं, जिन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। एसपी ने बताया कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल किया जाएगा। पुलिस ने घटना के एक घंटे के अंदर में ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सदर अस्पताल में उपचार करा रही किशोरी की मां ने बताया कि उनकी बेटी से रोहित बात करता था। दोनों के बीच एक माह तक करीब फोन पर बातचीत हुआ है। जब हमलोगों को पता चला तो बेटी को समझा बुझाया। इसके बाद बेटी ने उससे बात करना बंद दिया। इससे वह गुस्सा होकर कई बार फोन पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी देने लगा। मंलगवार की रात रोहित व अंकित घर के पीछे की दीवार के सहारे घर में घुस कर धारदार हथियार से सभी पर वार करने लगा। किसी तरह मैं बचकर भागी।

(आप हमें FacebookXInstagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)