निजी क्लिनिक के कंपाउंडर ने की खुदकुशी

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। मदनपुर थाना क्षेत्र के खिरियावां बाजार में पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक निजी क्लीनिक के कम्पाउंडर ने शुक्रवार को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक सोनू कुमार गया जिले के आमस थाना के गंगटी गांव का निवासी था। मामले की जानकारी मिलने पर मदनपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता सदल बल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि मृतक 2017 से ही खिरियावां के पोस्ट ऑफिस रोड में बंगला पर स्थित एक निजी क्लीनिक में कम्पाउंडर का काम करता था। निजी क्लिनिक के चिकित्सक किसी कार्य से बाहर गए हुए थे।

इसी दौरान शुक्रवार की सुबह एक महिला ईलाज के लिए क्लिनिक में आयी तो देखा कि एक व्यक्ति पंखे से लटका है। देखते ही वह चिल्लाने लगी। इसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।इसकी सूचना मिलते ही मदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा है। घटना की सूचना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की शादी 2019 में हो चुकी थी। मदनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नही हुआ है। इसकी जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।