पौधारोपण कर एसएसबी के जवानों ने लिया नक्सलियों को उखाड़ फेंकने का संकल्प

देव(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। देव प्रखंड के भलुआही स्थित एसएसबी कैम्प द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर पंचायत भवन एवं विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। सागवान, सीसम, अमरूद, पीपल एवं बरगद का पौधा लगाया।

जवानों ने पौधारोपण के साथ नक्सलियों के सफाया का संकल्प लिया। इस मौके पर सहायक कमांडेंट सोहेल आलम ने कहा कि पर्यावरण से जिंदगी सुरक्षित रहेगी। पर्यावरण को बचाने में सभी को आगे आने की जरूरत है। इसके लिए पौधरोपण जरूरी है। हर मानव को पर्यावरण की रक्षा के प्रति सजग होना होगा। मौजूदा हालात में गर्मी का मुख्य कारण पर्यावरण से खिलवाड़ है। हम सभी का दायित्व बनता है कि पौधे जरूर लगाएं।

कमांडेंट ने सभी से पौधरोपण करने का आग्रह किया। पौधरोपण में शामिल दुलारे पैक्स के अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि जीवन में पर्यावरण के महत्व को समझना होगा। जब तक मानव जीवन से इसे नहीं जोड़ा जाएगा स्थिति विनाशकारी होगी। कहा कि पर्यावरण पर ही मानव के अलावा सभी जीवों की जिंदगी टिकी है। पर्यावरण की रक्षा के लिए हर मानव को वृक्ष लगाना जरूरी है। कहा कि जब पंचायत भवन एवं विद्यालय परिसर में लगाया गया वृक्ष बड़ा होगा तो इसकी रौनक बढ़ेगी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी धीरज कुमार, ग्रामीण मंटू ठाकुर, मनीष पासवान, चंदन कुमार, शिक्षक रामसुंदर दास एवं महेंद्र राम समेत अन्य जवान शामिल रहे।