खलिहान में लगी आग में जलकर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। दाउदनगर थाना क्षेत्र के अरई गांव में पश्चिम पट्टी के खलिहान में गुरुवार की दोपहर अचानक आग लगने की घटना में एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की झुलस कर मौत हो गयी जबकि खलिहान में रखा करीब पांच हजार से भी अधिक बोझा धान व पुआल जलकर राख हो गया। अगलगी में जटुली राजवंशी के डेढ वर्षीय पुत्र इंद्रजीत की झुलसकर घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

https://liveindianews18.in/businessmen-killed-in-goh-road-jam-in-protest-villagers-chased-police-who-reached-to-remove-jam/

घटना के समय उसके माता-पिता बोझा ढो रहे थे। बताया जाता है कि वह खलिहान में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक आग की चपेट में आ गया। आग की लपटें इतनी भयावह थी कि आसपास के धान के बोझा और पुआल में भी आग लग गयी। घटना के करीब एक घंटा बाद पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने के बाद दाउदनगर सीओ स्नेहलता देवी एवं थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम घटना की छानबीन की। बाद में दाउदनगर डीसीएलआर संजय कुमार एवं बीडीओ जफर इमाम भी पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बताया जाता है कि इस घटना में आठ बटाईदार किसानों का धान का बोझा जलकर राख हो गया है। जिन लोगों का धान का बोझा जलकर राख हो गया है, उनमें जटुली राजवंशी के अलावे उपेंद्र मिस्त्री, नंदू साव. यदुवीर राजवंशी, झरीमन साव, सोमनाथ साव, नारायण यादव एवं उपेंद्र पासवान शामिल हैं। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा है।

आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सीओ स्नेहलता देवी ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है। मृतक बच्चे के आश्रित को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत राशि देने के लिये मुखिया को कहा गया है। बीडीओ को भी आवश्यक सहयोग देने के लिये कहा गया है। जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला स्तर पर भेजी जा रही है। जानकारी के अनुसार अगलगी में जटुली राजवंशी के डेढ़ वर्षीय पुत्र के मौत के साथ उसका करीब चार सौ बोझा, विनेश यादव का करीब एक हजार बोझा, उपेंद्र मिस्त्री का एक हजार बोझा, नंदू साव का दो सौ बोझा, झरीमन साव का चार सौ बोझा, नारायण यादव का सात सौ बोझा, उपेंद्र पासवान का चार सौ बोझा धान जलकर राख हो गया है। दाउदनगर से दमकल को पहुंचने से करीब एक से डेढ़ घंटे लगे. जब पहली बार दमकल पहुंचा भी तो वह घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया और रास्ते में ही फंस गया तब दूसरा दमकल पहुंचा। फिर तीनों दमकल पहुंचे और तीनों दमकल ने पहुंचकर काफी देर के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।