अधिकारियों ने की एसएफसी के सीएमआर व गेहूं अधिग्रहण केंद्र के गोदामों की जांच

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर जिले में राज्य खाद्य निगम के सीएमआर एवं गेहूं अधिग्रहण केंद्र के गोदामों की जांच की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी अनिल कुमार सिंहा ने देव प्रखंड के हसौली स्थित एसएफसी के सीएमआर गोदामों की जांच की। दाउदनगर के अपर अनुमंडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन ने हसपुरा प्रखंड के सीएमआर गोदामों की जांच की। दाउदनगर के भूमि सुधार उप समाहर्ता संजय कुमार ने दाउदनगर प्रखंड के दोनों एसएफसी गोदामों की जांच की। इस दौरान इन पदाधिकारियों द्वारा चावल एवं गेहूं की गुणवत्ता, गेहूं के बोरों का वजन, संधारित पंजियो का निरीक्षण आदि कार्य किए गए।

सभी पदाधिकारियों द्वारा इन गोदामों में भंडारित खाद्यान्नों एवं सामग्री, उपलब्ध खाली जगह एवं खाद्यान्नों के आगत एवं निर्गत की प्रक्रिया का भौतिक निरीक्षण भी किया गया। साथ ही सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी द्वारा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के साथ प्रखंड में अवस्थित पैक्स गोदामों की जांच की गई। औरंगाबाद के अंचल अधिकारी प्रेम कुमार ने औरंगाबाद प्रखंड के जम्होर एवं इब्राहिमपुर में स्थित पैक्स गोदामों की जांच की। देव के अंचलाधिकारी आशुतोष कुमार ने पश्चिमी केताकी स्थित पैक्स गोदाम की जांच की। नवीनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी ओम राजपूत ने बरियावां एवं केरका पैक्स में गेहूं अधिप्राप्ति की जांच की। रफीगंज के अंचल अधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने चैबड़ा पैक्स गोदाम की जांच की। हसपुरा के अंचल अधिकारी ने कोइलवां पैक्स का स्थलीय निरीक्षण किया।