अधिकारियों ने की एसएफसी के सीएमआर, गेहूं अधिग्रहण केंद्र व पैक्स गोदामों की जांच

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर जिले में राज्य खाद्य निगम के सीएमआर, गेहूं अधिग्रहण केंद्र एवं पैक्स के गोदामों की जांच की गई।

इस क्रम में आईसीडीएस की डीपीओ रीना कुमारी ने औरंगाबाद प्रखंड के राज्य खाद्य निगम गोदाम नंबर 5 की जांच की। भूमि सुधार उप समाहर्ता अविनाश कुमार सिंह ने कुटुंबा प्रखंड में स्थित एसएफसी के सीएमआर गोदामों की जांच की। जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा ने दाउदनगर प्रखंड के निगम गोदाम संख्या 3 एवं 4 की जांच की। इस दौरान इन पदाधिकारियों द्वारा चावल एवं गेहूं की गुणवत्ता, गेहूं के बोरों का वजन, संधारित पंजियो का निरीक्षण आदि कार्य किए गए। सभी पदाधिकारियों द्वारा इन गोदामों में भंडारित खाद्यान्नों एवं सामग्री, उपलब्ध खाली जगह एवं खाद्यान्नों के आगत एवं निर्गत की प्रक्रिया का भौतिक निरीक्षण भी किया गया। साथ ही सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी द्वारा संबंधित प्रखंडों में स्थित पैक्स गोदामों की जांच की गई।

औरंगाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन शर्मा एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने औरंगाबाद प्रखंड के खैरा मिर्जा एवं पोखराहा स्थित पैक्स गोदाम की जांच की। बारुण के अंचल अधिकारी बसंत कुमार राय ने बारुण प्रखंड के पौथु पंचायत स्थित पैक्स गोदाम की जांच की। दाउदनगर की अंचल अधिकारी स्नेहलता देवी ने दाउदनगर प्रखंड के करमा एवं सिंदुआर स्थित पैक्स गोदामों की जांच की। दाउदनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी अबू जफर इमाम ने दाउदनगर प्रखंड के अंकोरहा एवं अरई स्थित पैक्स गोदामों की जांच की। नबीनगर के अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने माझियांव एवं मुंगिया पैक्स गोदामों की जांच की। मदनपुर की अंचल अधिकारी अंजू सिंह ने मनिका एवं नीमा आजन में पैक्स गोदाम की जांच की। ओबरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजू कुमार ने ओबरा प्रखंड के करसांव पैक्स गोदाम पर गेहूं अधिप्राप्ति की जांच की। नवीनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी ओम राजपूत ने केरका पैक्स में गेहूं अधिप्राप्ति की जांच की।