पर्यावरण दिवस पर एनपीजीसी-बीआरबीसीएल के अधिकारियों-कर्मियों ने लिया इकोसिस्टम रेस्टोरेशन के लिए काम करने का संकल्प, लगाये पौधे

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। उर्जा उत्पादन के क्षेत्र में देश की अग्रणी कंपनी एनटीपीसी की सहायक कंपनी नबीनगर पावर जेनरेटिंग कंपनी लि.(एनपीजीसीएल) तथा एनटीपीसी और भारतीय रेल के संयुक्त उद्यम भारतीय रेल बिजली कंपनी लि.(बीआरबीसीएल) के अधिकारियों एवं कर्मियों ने ‘‘इकोसिस्टम रेस्टोरेशन‘‘ के लिए काम करने का संकल्प लिया है।

यह संकल्प दोनो बिजली परियोजनाओं में शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में लिया गया। इस मौके पर दोनो परियोजनाओं में पौधारोपन भी किया गया। इस दौरान एनपीजीसी परियोजना की टाउनशिप के प्रांगण में सघन वृक्षारोपण किया गया। वृक्षारोपण की शुरुआत एनपीजीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय सिंह पौधारोपन कर की। इसके बाद परियोजना के अधिकारियों-कर्मचारियों ने आम, जामुन, शहतूत एवं बेल आदि फलदार पौधे लगाए।

इस मौके पर परियोजना के सीइओ ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का इस वर्ष का थीम ‘‘इकोसिस्टम रेस्टोरेशन‘‘ यानी पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली है। इस नाते हम सभी ‘‘इकोसिस्टम रेस्टोरेशन‘‘ का संकल्प लेते है। हमे प्रकृति के साथ अपने संबंधों को जोड़े रहना है। साथ ही इस दिशा में हम सभी भविष्य में भी निरंतर वातावरण को साफ सुथरा और हरा भरा बनाए रखने के लिए सघन वृक्षारोपण का कार्य अभियान के रुप में चलाते रहेंगे। सघन वृक्षारोपण में एनपीजीसी परियोजना के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, स्वरा महिला संघ की सदस्याओं एवं केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। एनपीजीसी की डीजीएम(पीआर) आभा पांडेय ने बताया कि एनपीजीसी परियोजना में फलदार पौधों के अलावा समय-समय पर गिलोय, तुलसी, एलोवेरा एवं शंखपुष्पी आदि मेडिसिनल प्लांट्स भी लगाए जाते रहे है।

बीआरबीसीएल परियोजना में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएम जेना ने किया। इस दौरान श्री जेना ने परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में शामिल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक(ओ एंड एम) आरआर राव, महाप्रबंधक(परियोजना) रवि प्रकाश, महाप्रबंधक(ऑपरेशन) गौतम कुमार चट्टोपाध्याय एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण शामिल रहे। इस दौरान सीआईएसएफ-बीआरबीसीएल के असिस्टेंट कमांडेंट और सीआईएसएफ के कर्मचारियों ने भी सघन वृक्षारोपण मे भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूर्ण रूप से पालन किया गया। इसके अलावा परियोजना की कॉलोनी की महिलाओं, बच्चों एवं कर्मचारियों हेतु पर्यावरण से संबंधित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।