नवविवाहिता ने लगाया गले में फांसी का फंदा, की आत्महत्या, मायकेवालो ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस     

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। शहर के सर्वोदय नगर मुहल्ले में एक नव विवाहिता द्वारा गुरूवार की सुबह पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लेने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में नव विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मृतका लवली सिंह(22वर्ष) सर्वोदय नगर निवासी विजय सिंह के पुत्र सुमित कुमार सिंह की पत्नी थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची औरंगाबाद नगर थाना की पुलिस ने बंद दरवाजा को धक्का देकर खोला और फंदे से लटकी हुई नव विवाहिता  के शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी। मिली जानकारी अनुसार लवली की शादी  इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। उसका मायका गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के बारा गांव में था। बताया जाता है कि लवली सुबह खाना बना रही थी और घर के लोग बाहर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोस से जब उसका पति सुमित घर पहुंचा तो जोर से चीखने चिल्लाने की आवाज पड़ोसियों को सुनाई दी। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो देखा कि कमरा बंद है और अंदर से पुकारने पर आवाज नहीं आ रही है।

तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहां पर मौजूद लोगों ने वेंटिलेटर से झांक कर देखा तो लवली पंखे से झूल रही थी। पुलिस ने फिलहाल लवली के पति सुमित कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया है। नव विवाहिता की मौत की खबर सुनते ही मायकेवाले घर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया। मायके वालों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने हत्या की है। इसके पहले भी एक बार उसे जान से मारने का प्रयास किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। वही परिवार वालो में हाहाकार मचा है और उनका रो रो कर बुरा हाल है।