- आयुष ने 99.779 परसेंटाइल के साथ लहराया परचम, गांव-जिले का बढ़ाया मान
औरंगाबाद : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार, 14 जून 2025 को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2025) के परिणाम घोषित किए। बिहार के औरंगाबाद जिले के बैजनाथ बिगहा गांव के आयुष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.779 परसेंटाइल अंक हासिल किए। आयुष को ऑल इंडिया जनरल कैटेगरी में 5042वां और ओबीसी कैटेगरी में 1969वां स्थान प्राप्त हुआ। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

दादा का सपना हुआ साकार
आयुष के दादा सूर्यदेव यादव, जो रामलखन सिंह यादव कॉलेज, औरंगाबाद के रिटायर्ड लैब इंचार्ज हैं, ने पोते की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने आयुष को डॉक्टर बनाने का सपना देखा था और अपनी पेंशन की राशि उसकी पढ़ाई पर खर्च की। सूर्यदेव ने कहा, “आज मेरा जीवन का सपना पूरा हुआ। मुझे आयुष पर गर्व है।” दादी शांति देवी भी पोते की उपलब्धि से अभिभूत नजर आईं।
मां ने दादा को बताया प्रेरणा स्रोत
आयुष की मां रेणु देवी ने कहा, “आयुष की इस सफलता के पीछे उसके दादा का मार्गदर्शन और प्रेरणा है। हमारे परिवार के सभी बच्चे उनके दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं। आयुष ने परिवार की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।” चाची शांति देवी और चाचा विनय कुमार सुमन ने भी भतीजे की उपलब्धि पर खुशी जताई।
पिता बोले- बेटे ने बढ़ाया गांव का मान
आयुष के पिता सुबोध कुमार सुमन ने कहा, “आयुष ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल परिवार, बल्कि गांव, प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। हमें उसकी इस उपलब्धि पर गर्व है।”
मेहनत और आत्मविश्वास से मिली सफलता
आयुष ने बताया कि पिछले साल NEET में सफलता नहीं मिली थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने दोगुने उत्साह के साथ 12 से 14 घंटे रोजाना पढ़ाई की। इस मेहनत का नतीजा है कि आज उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ। आयुष ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के बारे में बताया कि उन्होंने कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई नवोदय विद्यालय, बारूण से की, जहां 2022 में 10वीं में 95.2% (476/500) अंक प्राप्त किए। इसके बाद, सच्चिदानंद सिंहा कॉलेज, औरंगाबाद से ISC की पढ़ाई पूरी की और 2024 में 84.4% (422/500) अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
आयुष ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “मेहनत करने वालों को सफलता जरूर मिलती है। आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।”