सतनदिया के जंगल में अर्द्धसैनिक बलों के साथ मुठभेड़ में शामिल रहा नक्सली सुरेंद्र यादव गिरफ्तार

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। सशस्त्र सीमा बल(एसएसबी) और देव पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पेशल ऑपरेशन में सक्रिय हार्डकोर नक्सली सुरेंद्र यादव उर्फ सुरेंद्र कुमार उर्फ सुरेंद्र मुखिया को गया जिले के बांकेबाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार नक्सली पर देव थाना में कांड संख्या 95/18 एवं मदनपुर थाना कांड संख्या 330/19 दर्ज है। गुप्त सूचना पर उसे सशस्त्र सीमा बल की 29वीं वाहिनी के कमांडेंट हरे कृष्ण गुप्ता के निर्देश पर ए-कंपनी भलुआही के कंपनी कमांडर आदित्य कुमार, देव थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय एवं बांकेबाजार थानाध्यक्ष सौरभ कुमार की टीम ने गिरफ्तार किया।

देव थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस नक्सली की काफी दिनों से खोज में लगी थी। नक्सली को पकड़ने के बाद देव थाना लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने कई कांडों में संलिप्तता स्वीकार की है। नक्सली सुरेंद्र भय बना कर आम जनता से लेवी वसूली करता था। वह 2019 में देव थाना के सतनदिया के जंगल में कोबरा और सीआरपीएफ के साथ हुए मुठभेड़ में शामिल था। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों का सामान भी जब्त किया गया था।