BJJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्पूरी जयंती समारोह में किया ऐलान,
समान विचार वाले दलों से गठबंधन नही होने पर बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

देव(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। भारत जन जागरण दल(बीजेजेडी) समान विचार वाले दलों से समझौता नही होने पर बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। यह घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौरसिया एम कुमार ने रविवार को यहां पार्टी द्वारा आयोजित कर्पूरी जयंती समारोह में की।

श्री कुमार ने कहा कि बीजेजेडी बिहार में सबसे मजबूत विकल्प बन रही है। पार्टी बिहार में मिशन लोकसभा और विधानसभा पर काम कर रही है। इसी के तहत सूर्य नगरी देव की पावन धरती पर यह भव्य कर्पूरी जयंती समारोह आयोजित किया गया है। कहा कि कर्पूरी ठाकुर अतिपिछड़ा, पिछड़ा, दलित, आदिवासी, दबे-कुचले एवं अल्पसंख्यक भाइयों के भाग्य विधाता और आधुनिक बिहार के जन्मदाता रहे है। पार्टी उनकी नीतियों और सिद्घांतों के साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और बाबू  शिवदयाल सिंह चौरसिया के सपनों का बिहार और भारत का निर्माण करना चाहती है। पार्टी समाज के सभी वर्गों के साथ बिना किसी भेदभाव के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के लिए संघर्ष कर रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी चौरसिया समाज के साथ अन्य समाज के लोग निर्वाचित होकर सांसद नहीं बने हैं। अगर किसी समाज का सांसद इस देश में नहीं होगा तो उस समाज का प्रतिनिधित्व कैसे होगा, उसके हक और अधिकार की आवाज कौन उठायेगा l इसलिए देश के उच्च सदन संसद भवन में हर समाज का नेतृत्त्व होना अति आवश्यक है। इसी राजनीतिक उदेश्य को लेकर पार्टी बिहार में मिशन लोकसभा पर काम कर रही है। पार्टी राज्य में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है। इस मिशन में समान विचारधारा के जो भी दल हमारे साथ आएंगे, उनके साथ पार्टी गठबंधन करेगी। गठबंधन नही होने की स्थिति में भी पार्टी अकेले दम पर लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार है और ऐसी स्थिति बनने पर बिहार की सभी चालीस लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारा जाएंगा।

कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि बीजेजेडी बिहार में लगातार आगे बढ़ रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऐलान के मुताबिक पार्टी की बिहार इकाई राज्य की सभी सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की पुरजोर तैयारी कर रही है और इस बार लोकसभा में हमारे दल को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिलना तय है। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में पार्टी के लिए तन-मन-धन सहयोग कर अपने क्षेत्र में पार्टी को मजबूती प्रदान करने का वादा किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के देव प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत चौरसिया ने की। कार्यक्रम में पार्टी के सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता शामिल रहे।