मुजफ्फरपुर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत निगरानी विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें शहर के चर्च रोड स्थित निजी आवास से दबोचा और पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर चली गई।

जानकारी के अनुसार, जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार पर संविदा कर्मी संतोष कुमार से सेवा विस्तार और योगदान कराने के बदले कुल दो लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि पांच दिसंबर 2025 को वह पहले ही एक लाख 81 हजार रुपये दे चुके थे। इस राशि के लिए उन्होंने बैंक से कर्ज लिया, पत्नी के गहने गिरवी रखे और अपनी गाड़ी तक बेच दी। इसके बावजूद अधिकारी शेष 19 हजार रुपये की लगातार मांग कर रहे थे।
परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर 2025 को पटना स्थित निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया। शनिवार को जैसे ही संतोष कुमार चर्च रोड स्थित निजी आवास पर बची हुई रिश्वत की रकम देने पहुंचे, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने सुधीर कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि सुधीर कुमार के पास जिला कृषि पदाधिकारी के अलावा परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था। निगरानी टीम की इस कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल निगरानी विभाग मामले की आगे की जांच में जुटा है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
