दाउदनगर में संदिग्ध स्थिति में मां-बेटी की मौत

औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के मटुकधारी बिगहा महावर में संदिग्ध स्थिति में मां- बेटी की मौत हो गई। प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर मृत्यु हुई प्रतीत होती है। मायके वालों ने ससुरालवालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतकों में मुकेश साव की 22 वर्षीय पत्नी रानी देवी व उसकी डेढ़ साल की बेटी पूनम कुमारी शामिल है। घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दाउदनगर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया जहां शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

शव छोड़कर ससुरालवाले फरार

घटना के बाद से ससुरालवाले फरार हैं। मृतका के भाई ओबरा थाना क्षेत्र के चेचाढ़ी गांव निवासी सनोज साव का कहना है कि घटना की जानकारी उसे दाउदनगर थाना क्षेत्र के जमुआवां गांव से मिली। जमुआवां गांव में उसकी एक बहन रहती है। घटना की सूचना मिलते ही वे लोग तत्काल महावर टोले मटूकधारी बिगहा बहन के घर पहुंचा जहां देखा कि आंगन में बहन व भगिनी का शव पड़ा है।

ससुराल वालों पर भाई ने लगाया हत्या का आरोप

ससुराल के लोग फरार थे जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद दाउदनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। मृतका के भाई कहना है कि गला दबाकर ससुरालवालों द्वारा हत्या की गई है। उन्होंने हत्या करने का आरोप ससुर, सास व पति समेत अन्य पर लगाया है।

दाउदनगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष गिरीन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। मायके वालों के द्वारा कोई लिखित आवेदन थाना में नहीं दिया गया है। थाने में आवेदन देने पर जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।