पटना में लापता प्रखंड कृषि पदाधिकारी की हत्या, नदी किनारे मिला शव

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। राजधानी पटना में मसौढ़ी के प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार सिंह की हत्या कर दी गई। अजय सिंह का शव पुनपुन नदी के किनारे से बरामद किया गया है। बता दें कि छह दिन पहले प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार सिंह घर जाते समय लापता हो गए थे।

बताया जाता है कि अजय कुमार सिंह का शव गौरीचक के पुनपुन नदी के किनारे से मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद अब पुलिस मौके पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

बता दें छह दिन पहले प्रखंड कृषि पदाधिकारी पटना से मसौढ़ी जाने के लिए घर से निकले थे लेकिन वो ऑफिस नहीं पहंचे। जिसके बाद मसौढ़ी के प्रखंड कृषि पदाधिकारी की पत्नी ने ऑफिस फोन किया तो पता चला कि वे ऑफिस पहुंचे ही नहीं। पदाधिकारी को फोन किया लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। जिसके बाद पत्नी ने कंकड़बाग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

राजधानी के कंकड़बाग में हीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। अजय कुमार मूल रूप से लखीसराय के बड़हिया के रहने वाले थे। मसौढ़ी ब्लॉक में वे बातौर प्रखंड कृषि पदाधिकारी तैनात थे। सोमवार को अजय कुमार अपने ऑफिस के लिए सुबह 8 बजे गया कि ओर जाने वाली ट्रेन से मसौढ़ी जाने के लिए रवाना हो गए लेकिन वो घर लौटकर नहीं आए। जिसके बाद कृषि पदाधिकारी की पत्नी पूनम कुमार और बेटे अभिजीत कुमार ने खोजबीन शुरू कर दी।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी की हत्या की खबर ने प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस अब यह पता करने में लगी है कि उनकी किसी से अदावत तो नहीं थी जिसके कारण उनकी अपहरण के बाद हत्या कर दी गई।