अस्पताल में भर्ती बेटी के लिए खाना ले जा रहे अधेड़ पिता की सड़क हादसे में मौत

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर दाउदनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती अपनी बेटी के लिए खाना ले जा रहे अधेड़ की सड़क हादसे में मौत हो गई।

हादसा एनएच-139 पर एक निजी स्कूल के पास घटी। मृतक की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव निवासी 50 वर्षीय कामता पासवान के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह अपने घर से खाना लेकर साइकिल से निजी अस्पताल में भर्ती अपनी बेटी को पहुंचाने जा रहे थे। उनकी बेटी का हार्निया का ऑपरेशन हुआ है।

इसी दौरान दाउदनगर की ओर से पटना रोड की ओर से जा रहे तेज व अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दाउदनगर पुलिस के गश्ती दल ने घायल को इलाज के लिए दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।