दाउदनगर में मौसमी कर्मियों की बैठक संपन्न

दाउदनगर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ(गोपगुट) के नेतृत्व में मौसमी कर्मियों की एक आवश्यक बैठक सिंचाई प्रमंडल, दाउदनगर के प्रांगण में संपन्न हुई।

बैठक में आगामी 19 मई को महासंघ(गोपगुट) के औरंगाबाद जिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन, मन एवं धन से सहयोग करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जून के द्वितीय सप्ताह में समस्तीपुर में होने वाले महासंघ के राज्य सम्मेलन को भी हर तरह से सहयोग कर सफल बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पूरे सिंचाई प्रमंडल में मौसमी कर्मचारियों के बीच में महासंघ का सघन सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा मौसमी कर्मियों का शोषण-दोहन और उत्पीड़न का मुद्दा एक बार पुनः जोर-शोर से उछला तथा इस समस्या से निपटने पर भी विचार किया गया। खास तौर पर संघ में सक्रिय कर्मियों को स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा परेशान करने की बातें सामने आई। यह तथ्य सामने आया कि जो मौसमी कर्मी संघ में सक्रिय थे उन्हें रब्बी फसल की पटवन ड्यूटी में नहीं लगाया गया है। इसके अलावा संघ में सक्रिय मौसमी कर्मियों को अगले खरीफ के पटवन के दौरान भी ड्यूटी पर नहीं लगाने की धमकियां भी स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा खुलेआम दी जा रही हैं जिसके कारण पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच तनाव गहराता जा रहा है जो कभी भी अप्रिय स्वरूप अख्तियार कर सकता है। विगत वर्ष-2021 के खरीफ के पटवन में लगभग 150 दिन ड्यूटी कर चुके अधिकांश मौसमी कर्मियों के वेतन में से भारी कटौती की गई है तथा किसी को 89-90 दिन तो किसी को 94-95 दिन की ही मजदूरी दी गई है। इसके कारण भी मौसमी कर्मियों में भारी रोष है। बैठक में जिला सचिव सत्येन्द्र कुमार ने सभी मौसमी कर्मियों के आक्रोश को शान्त करते हुए सबों को कानून सम्मत और लोकतांत्रिक तौर तरीकों के जरिए धैर्यपूर्वक अपना आन्दोलन जारी रखने की सलाह दी। कहा कि मौसमीकर्मी कभी भी पदाधिकारियों के उकसावे में आकर संघर्ष का कोई भी गैर-कानूनी और गैर-लोकतांत्रिक तरीका नहीं अपनाएं, क्योंकि इससे आपका दूरगामी हित प्रभावित होगा।

उन्होंने कहा कि हम सरकारी कर्मी पदाधिकारियों के खिलाफ नहीं बल्कि उनके गलत आचरण और अन्यायपूर्ण व्यवहार के खिलाफ संघर्ष करते हैं। मौसमी-कर्मियों को यह भरोसा दिलाया कि महासंघ की जिला कमिटी जब भी जिलाधिकारी से शिष्टमंडल वार्ता करेगी तो उसमें आप मौसमी कर्मियों का मामला प्रमुखता से उठाया जाएगा। कहा कि यदि विगत जिला स्तरीय प्रदर्शन के दौरान 29 मार्च को जिलाधिकारी के साथ शिष्टमंडल वार्ता हुई होती तो उसमें मौसमी कर्मियों का मुद्दा प्रमुखता से उठा होता लेकिन दुर्भाग्यवश उस दिन वार्ता नहीं हो सकी। अब वार्ता के लिए समय और तिथि निर्धारित करने हेतु महासंघ की जिला कमिटी एक बार फिर से उन्हें लिख रही है। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष रवींद्र कुमार ने की जबकि संचालन कोषाध्यक्ष रविशंकर कुमार ने किया। बैठक में संघ के उपाध्यक्ष जयराम सिंह, छठन राम, पुनदेव यादव, संयुक्त सचिव चन्द्रमा सिंह, छोटन बैठा, महेंद्र सिंह, राजकेश्वर राम, अनिरुद्ध पासवान, इंद्रदेव पासवान, हरिनंदन राम, संजय कुमार, बिनोद कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार आदि सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।