सलैया में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण अभियान की बैठक संपन्न

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। मदनपुर के सलैया में पंचायत स्तरीय राम भक्तों की एक बैठक काली भवन में सुदर्शन प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक का शुभारंभ मदनपुर खंड के हिसाब-किताब प्रमुख सुनील कुमार ने विजय महामंत्र तथा अभियान गीत से कराया। वही दिलीप प्रसाद गुप्ता ने आगंतुक अधिकारियों का परिचय कराया। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष जयनंदन पांडेय ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान से प्रत्येक राम भक्त परिवार को जोड़ना होगा। श्रीराम जननायक है। इसलिए प्रत्येक हिंदू परिवार के सहयोग से ही मंदिर का निर्माण होगा। भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर होगा। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व प्रदेश प्रमुख जितेंद्र सिंह ने कहा कि राम भक्ति और राष्ट्रभक्ति दो ही बिंदु है। इनके आधार पर भारत पुनः विश्व गुरु का स्थान प्राप्त करके पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करेगा।

वसुधैव कुटुंबकम का मूल मंत्र सिर्फ भारत के राष्ट्रवाद मे ही है। उन्होंने कहा कि राम भक्तों ने वर्षों से अपने परम आराध्य प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली पर भव्य राष्ट्र मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन चलाया है। अब तक हजारों राष्ट्र भक्तों ने अपना जीवन उत्सर्ग किया है। अपने प्राणों का बलिदान दिया हैं। उन्हीं पराक्रमी वीर गति प्राप्त राम भक्तों के कारण आज हमें श्रीराम मंदिर निर्माण का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह राम मंदिर अनाचारवाद, अत्याचारवाद, आतंकवाद और छद्म पोषणवाद आदि का अंत करते हुए विश्व कल्याण के लिए मंगलकारी सिद्ध होगा। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष जयराम सिंह, प्रखंड के गौरक्षा प्रमुख राणा आशुतोष कुमार सिंह, रामस्वरूप सिंह, उमेश नारायण सिंह, नरेश यादव, गिरजा शंकर चंद्रवंशी, राम पुकार सिंह, विश्वजीत कुमार गुप्ता, बलिंदर ठाकुर, विश्वजीत गुप्ता, रमेश कुमार गुप्ता, हीरा लाल प्रजापत सहित अनेकों राम भक्त उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान के लिए पंचायत टोली गठित की गई। टोली में सुदर्शन प्रसाद सिंह को पंचायत संरक्षक, रामपुकार सिंह टोली प्रमुख तथा विश्वजीत गुप्ता, राम नरेश यादव, गिरजा शंकर चंद्रवंशी, रमेश कुमार गुप्ता और हीरालाल प्रजापति को सदस्य बनाया गया है।