ससुरालियों ने की विवाहिता की हत्या, मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने शमशान से शव को कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद सदर प्रखंड में फेसर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर पंचायत के परसी गांव में रविवार को दहेजलाेभी ससुरालियों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी।

मृतका उषा देवी(25वर्ष) परसी निवासी धर्मेंद्र यादव की पत्नी थी। हत्या के बाद ससुराली आनन-फानन में शव को जलाने गांव के ही शमशान ले गये लेकिन मृतका के मायके वालों की सूचना पर फेसर पुलिस के मौके पर आने की जानकारी मिलते ही सुसुराली शव को छोड़कर फरार हो गये। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है।

इस मामले में मृतका के पिता नबीनगर के नरारी निवासी अशोक सिंह यादव के बयान पर फेसर थाना में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में मृतका के पति एवं अन्य को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी नामजद फरार है और पुलिस उन्हे गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि उषा की शादी धर्मेंद्र के साथ वर्ष 2017 में हुई थी। शादी में यथोचित दान दहेज भी दिया गया था। इसके बावजूद ससुरालियों द्वारा और दहेज की मांग की जा रही थी। मांग के पूरा नही होने पर अंततः ससुरालियों ने विवाहिता की हत्या कर दी।