औरंगाबाद में लोजपा-रामविलास का  1 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य, आजीवन सदस्यता अभियान का शुभारंभ, शुरूआत होते ही बने 151 सदस्य                

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद में लोजपा-रामविलास का आजीवन सदस्यता अभियान बुधवार से आरंभ हो गया है।

अभियान का शुभारंभ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सदस्यता अभियान के राज्य प्रभारी संजय रविदास ने सदस्य बनाकर किया। इस मौके पर 151 आजीवन सदस्य बनाये गये। कार्यक्रम में श्री रविदास ने कहा कि पार्टी ने पूरे राज्य में कुल 50 लाख आजीवन, सक्रिय और सम्मानित सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। औरंगाबाद जिले को एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। अभी अक्टूबर तक आजीवन सदस्यता अभियान चलाया जाएंगा। इसके बाद सक्रिय एवं सम्मानित सदस्य बनाने का कार्यक्रम शुरू होगा। कहा कि हमें तीनों ही प्रकार की सदस्यता अभियान का सिर्फ लक्ष्य ही हासिल नही करना है बल्कि इस लक्ष्य को भी पार करना है। यह तभी संभव होगा जब कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में जी जान से जुटेंगे। कहा कि सदस्य ही पार्टी की रीढ़ होते है। इस कारण जितने ज्यादा सदस्य बनेंगे, हमारी पार्टी उतनी ही ज्यादा मजबूत होगी।

पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कहा कि हम यहां सिर्फ आजीवन सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने नही बल्कि औरंगाबाद में पार्टी की संपूर्ण गतिविधियों की समीक्षा भी करने आये है। कहा कि वें स्वीकार करते है कि कम समय में ही औरंगाबाद में पार्टी ने बेहतर किया है। समाज के सभी तबकों के नये लोग पार्टी से जुड़े है और पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है लेकिन इतना काफी नही है। सदस्यता अभियान में भी कार्यकर्ताओं को पूरा दम खम दिखाते हुए लक्ष्य को पार करना होगा।

कार्यक्रम में पार्टी संसदीय बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि हमें पार्टी सुप्रीमों सांसद चिराग पासवान को 2025 में बिहार का मुख्यमंत्री बनाना है। 2020 के विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी को 6 प्रतिशत वोट मिले थे, जिसे 50 प्रतिशत तक ले जाना है, तभी राज्य में हमारी सरकार बनेगी। कहा कि बिहार में सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर ही पार्टी ने एक साथ आजीवन, सक्रिय और सम्मानित सदस्यता की शुरूआत की है। आजीवन सदस्य हमारी पार्टी के पदाधिकारीगण बनेंगे जबकि और साथी सक्रिय तथा सम्मानित सदस्य बनेंगे। इस अभियान से निःसंदेह हमारी पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़ेगी। पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ने पर पार्टी मजबूत होगी और जिस दिन हमने राज्यव्यापी सदस्यता के 50 लाख के लक्ष्य को पार कर लिया, उस दिन से हमारी पार्टी सदस्यों के सहयोग से इतनी अधिक मजबूत हो जाएंगी कि हमें बिहार की सत्ता में आने से कोई भी ताकत रोक नही सकेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर ने की।

कार्यक्रम को महिला सेल की जिलाध्यक्ष रंजू वर्मा, प्रदेश सचिव व नबीनगर से प्रत्याशी रहे विजय सिंह, कुटुम्बा से प्रत्याशी रहे सरूण पासवान, विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मार्कंडेय त्रिवेदी, पार्टी के जिला प्रवक्ता सुधीर शर्मा, पार्टी नेता विजय कुमार अकेला, अशोक पासवान, गंगादयाल पासवान एवं राजेश पासवान आदि ने प्रमुख रूप से संबोधित किया।