बिहार में लोजपा और भाजपा की बनेगी सरकार, नीतीश कुमार की विदाई तय: चिराग पासवान

औरंगाबाद/दाउदनगर(लाइव इंडिया न्यूज़ 18 ) लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार में इस बार लोजपा और भाजपा की सरकार बनेगी। हमारी पार्टी जदयू से ज्यादा सीटों पर चुनाव जीतेगी। इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदाई तय है। चिराग ने शनिवार को यहां प्रेसवार्ता में कहा कि लोग कयास लगाते रहे लेकिन हम महागठबंधन के साथ किसी भी परिस्थिति में नहीं जाएंगे। यह भी कहा कि मैं मुख्यमंत्री की रेस में नहीं हूं, यह भ्रम फैलाया जा रहा है। लोजपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं चाहते कि कोई उनसे सवाल पूछे और इसी वजह से मुझे नापसंद करते हैं। साथ ही लोजपा को भाजपा की बी पार्टी कहना गलत है। कहा कि शेर का बच्चा हूं, जंगल चीर कर निकलूंगा। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार ने सीधे कभी चुनाव नहीं लड़ा। खुद के प्रदर्शन का पता नहीं है और कप्तान बने हैं। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार जनता की नहीं सुनते हैं और केवल अपनी बात करते हैं।

उड़नखटोले पर सवार होकर नीतीश कुमार निकलते हैं। सीएम निकलते हैं तो कॉरिडोर बनाया जाता है। सीएम के सामने खूबसूरती परोसी जाती है। बिहार में अफसरशाही हावी है। इसके पूर्व दाउदनगर में एक सभा में कहा कि कहा कि कोई भी विधायक, मंत्री या खुद नीतीश कुमार वोट माँगने आएं तो उनसे पूछिए कि पिछले 5 साल में क्या किया है। कहा कि नीतीश कुमार जी से पूछिए कि सात निश्चय में कौन-कौन से वादे पूरे किए गए। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल के कार्यकाल पर कुछ नहीं बोलना एक फरेब है और बिहार की जनता को जानबूझ कर पिछले 5 साल के कार्यों के बारे में नहीं बताया जा रहा है। पिछले 5 साल में बिहार में अफसरों का राज रहा है और सात निश्चय में से कोई भी निश्चय पूरा नहीं हुआ। कहा कि पीएम तो हमारे तो दिल में हैं। अब जो हमारे दिल में है उनकी तस्वीर न लगाने से क्या फर्क पड़ता है? हमारा तो उनसे दिल का रिश्ता है। मोदीजी का आशीर्वाद हमारे साथ है, जो मेरे पापा की तरह साथ खड़े रहे।