औरंगाबाद में 5 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना, 6 को साफ रहेगा मौसम

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में 5 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हल्के बादल भी छाए रहेंगे। 6 फरवरी से ही मौसम साफ रहेगा।

कृषि विज्ञान केन्द्र, सिरिस के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार चैबे ने बताया कि 5, 6, 7, 8, 9 फरवरी को अधिकतम तापमान 22, 21, 21, 22, 24 और न्यूनतम तापमान 8.5, 8, 9, 10, 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जिले में 4 फरवरी को अधिकतम तापमान 20.1 एवं न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 10.2 एमएम वर्षा भी दर्ज की गयी। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अभी ठंड से राहत नही मिलने वाली है और ठंड का प्रकोप बारिश होने के बाद भी जारी रहने का पूर्वानुमान है। बारिश से जिन फसलों में सिंचाई की आवश्यकता थी, वह हो गई है। किसानों को सिंचाई पर होने वाले खर्च की बचत होगी। बारिश से गेहूं की फसल को लाभ होगा क्योंकि औरंगाबाद जिले में अधिकांश किसानों ने 15 दिसम्बर से 5 जनवरी तक गेहूं की बुआई की है। किसान यूरिया का दूसरा उपरिवेशन बारिश के बाद दे सकते है।

दलहन फसल चना, मसूर के लिए लाभ है क्योकि औरंगाबाद में चना, मसूर की बुआई विलम्ब से हुई है और अधिकांश जगह फसल में अभी फूल नही आए है, लेकिन जो पुष्पावस्था(फूल आ गया) हो उस फसल का बारिश से फूल झड़ने की संभावना हो सकती है। सब्जियों के लिए भी यह बारिश लाभदायक है लेकिन आलू की जो फसल तैयार हो गई है, उसकी खुदाई के लिए खेत में नमी होने से खुदाई करने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। सरसो की फसल जो पुष्पावस्था(फूल आ गया है) में है, पर हवा के साथ बारिश होने से फूल गिरने की समस्या हो सकती है। अगर कुछ किसानों ने धान की फसल काटने के बाद अभी तक थ्रेसिंग नही की है तो उनके खलिहान में रखा धान का फसल भीग गया होगा।