जदयू सेनानी प्रकोष्ठ का पुनः प्रदेश अध्यक्ष बनने पर जितेन्द्र नीरज को नेताओं ने दी बधाई

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा द्वारा जितेन्द्र नीरज को जदयू समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ का पुनः प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किये जाने पर जदयू की औरंगाबाद जिला इकाई ने हर्ष व्यक्त किया है।

जदयू के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, पूर्व विधायक रेणु देवी, पूर्व जिप अध्यक्ष पंकज पासवान, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, जदयू नेता तेजेन्द्र कुमार सिंह, औरंगाबाद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अजिताभ कुमार उर्फ रिंकू सिंह एवं जदयू समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ के औरंगाबाद जिलाध्यक्ष ऊंकार नाथ सिंह ने श्री नीरज को फिर से अध्यक्ष बनाये जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह एवं सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह का आभार जताया।

जिलाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह ने कहा कि बिहार में समाज सुधार सेनानी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर श्री नीरज ने अपना मूल्यवान समय देकर समाज में समरसता स्थापित करने का जो काम किया है, उससे सामाजिक सौहार्द को कायम रखने में बहुत बल मिला है क्योंकि आज जदयू समाज के सभी वर्गों में समाजिक रचना के लिए अपनी सभी तरह की निष्ठा एवं प्रतिबद्धता कायम रखने में सफल रही है। बिहार की सांस्कृतिक बहुलता को कायम रखते हुए पार्टी अपने लक्ष्य पर आगे बढ़ रही है।