औरंगाबाद में हिट एंड रन में जीप ने 5 को रौंदा, 3 की मौत

  • सड़क किनारे बैठी थी 6 महिलाएं, 3 की हालत गंभीर

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-139 पर औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कठौतियां मोड़ के पास शुक्रवार को दोपहर बाद एक तेज रफ्तार जीप ने 6 महिलाओं को रौंद डाला। हादसा इतना भीषण था कि तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मताबिक पांचों महिलाएं खेत में काम करने के बाद सड़क किनारे सुस्ता रही थीं। इसी दौरान औरंगाबाद-पटना हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही जीप पांचों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई। लोगों ने आनन-फानन में तीनो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

मृतकों की पहचान कठौतिया निवासी रामाधार पासवान की पत्नी मुन्नी देवी(40 साल), विजय पासवान की पत्नी राममुन्नी देवी(35 साल) और बेटी ज्योति कुमारी (8 साल) के रूप में की गई है। हादसे में उर्मिला देवी और रुक्मिणी देवी गंभीर रूप से घायल हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-139 को जाम कर दिया। आक्रोशित लोग जमकर बवाल मचा रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है।