जदयू विधायक रत्नेश सदा बने मंत्री, राजभवन में राज्यपाल ने दिलाई शपथ

पटना। राजभवन के दरबार हाल में शुक्रवार को राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने जदयू विधायक रत्नेश सदा को मंत्री पद की शपथ दिलाई। दलित समाज से आने वाले रत्नेश सदा सहरसा जिले के सोनबरसा से जदयू विधायक हैं। मंत्री पद की शपथ लेने से पूर्व राजभवन में रत्नेश सदा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

शपथ ग्रहण के दौरान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, वित्त मंत्री विजय चौधरी, उर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, मंत्री तेजप्रताप यादव उपस्थित थे।

जदयू विधायक व नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के नए चेहरे 49 वर्ष के रत्नेश सदा सहरसा जिले के सोनबरसा से जदयू के विधायक हैं। मुसहर समाज से आने वाले रत्नेश ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के बेटे डा. संतोष सुमन के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उनकी जगह ली है। बताया जाता है कि उनके पिता लक्ष्मी सदा मजदूर थे।

खुद रत्‍नेश ने भी कुछ समय तक रिक्शा चलाकर गुजारा किया था। करीब 30 वर्षों के सार्वजनिक-राजनीतिक जीवन के दौरान वे जदयू में उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव सह सुपौल जिला संगठन प्रभारी समेत कई अन्य पदों पर रहे। वे पहली बार वर्ष 2010 में विधायक बने। उस समय से वे लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं।


वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में दिए शपथ पत्र के अनुसार रत्‍नेश सदा के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।  उनकी कुल चल-अचल संपत्ति 1.30 करोड़ की है।