दलितों-पिछड़ों को आपस में बांटकर नीतीश ने किया कमजोर करने का काम, जगदेव बाबू के विचारों को दे दी तिलांजलि : चिराग पासवान    

हसपुरा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। हसपुरा प्रखंड में पचरुखियां मोड़ पर बुधवार को बिहार लेनिन अमर शहीद जगदेव प्रसाद की 100वीं जयंती मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स अध्यक्ष श्याम किशोर सिंह ने की जबकि संचालन पूर्व सरपंच रंधीर कुमार ने किया। कार्यक्रम में शामिल लोगो ने सबसे पहले पचरुखिया मोड़ स्थित स्मारक पर माल्यार्पण किया। वहीकार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि लोजपा(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने कहा जगदेव प्रसाद शोषितों के मसीहा थे। उन्होंने शोषितों के हक के लिए अपनी शहादत दी थी। उन्होंने नीतीश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को यहां की जनता ने काफी विश्वास कर सत्तारूढ़ किया था, लेकिन उन्होने जनता के साथ विश्वासघात करने का काम किया। उन्होंने दलितों और पिछड़ों को आपस में बांटकर कमजोर करने का काम किया। कहा कि नीतीश कुमार ने जगदेव बाबू के विचारों को तिलांजलि दे दे दी है। उनको उनके विचारों से कोई मतलब नही है। उनको मतलब चाहे जैसे भी हो सत्ता में बने रहने से है। यहां शेल्टर होम दुष्कर्म का अड्डा बन गया है। नीतीश की सरकार में जहरीली शराब से मरने वाली खबरें रोज दिन आ रही हैं।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजाराम सिंह ने कहा कि आज देश में शोषितों को कुचलने की बड़े पैमाने पर साजिश चल रही है। विधायक भीम यादव ने कहा कि जगदेव प्रसाद की विचारधारा पर चलकर ही शोषितों के अधिकारों को बचाया जा सकता है। विधायक राजेश कुमार ने कहा कि जगदेव बाबू की विचारधारा को कुचलना नामुमकिन है। वहीं पूर्व विधायक शिव पूजन मेहता ने कहा कि जगदेव प्रसाद की विचारधारा पर चलकर ही शोषित वर्ग अपने अधिकारों को सुरक्षित रख सकते हैं। कार्यक्रम को पूर्व विधायक रवीन्द्र सिंह, पूर्व विधायक सुरेश मेहता, लोजपा नेता डॉ. प्रकाश चन्द्रा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुधेश्वर कुशवाहा, विजय सिंह सैनी, अरविंद कुमार वर्मा, रवि कुमार जगलाल सिंह आदि की भूमिका महत्वपूर्ण रही।