अंबा औरंगाबाद। उत्तर कोयल नहर का निर्माण कर रही कंपनी की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। एरका कॉलोनी से जगदीशपुर गांव तक सड़क पर फैली मिट्टी में पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं बाइक सवारों के लिए उक्त सड़क दुर्घटना जोन में तब्दील हो चुकी है। परंतु कंपनी द्वारा समस्या के निराकरण के लिए किया जा रहा कोई भी प्रयास नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा नहर के किनारे मिट्टी भरने में दौरान लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात्रि बजराही गांव निवासी शंभू विश्वकर्मा हरिहरगंज से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी क्रम में देशपुर पुल के समीप उनकी बाइक सड़क पर फैली मिट्टी में फिसल कर अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी। गनीमत रही की इस दुर्घटना में उन्हें मामूली चोट आई। उक्त स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने रस्सी से खींचकर उन्हें नहर से बाहर निकाला। बारिश के बाद स्थिति और भयावह हो गई है। दुर्घटना के डर से लोग रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक जाने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय लोगों में निर्माण कार्य कर रही कंपनी के प्रति आक्रोश है। उन्होंने समस्या के निराकरण की मांग की है।
