औरंगाबाद में दारोगा के भाई की हत्या, पेड़ में टांग दिया शव, जानिए क्या है मामला

औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुंदरगंज बाजार के समीप बागीचा में एक दारोगा के भाई की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही मेघराज बिगहा गांव निवासी 35 वर्षीय गोविंद चौधरी के रूप में की गई है। वर्तमान में वह रिसियप थाना क्षेत्र के सुंदरगंज बाजार में रह रहा था।

गांव के बागीचे में पेड़ से लटका मिला शव

पुलिस ने शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि गोविंद चौधरी रात 8 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह में बागीचे में शीशम के पेड़ से लटक रहे शव की जानकारी लोगों को मिली जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक का पैर जमीन पर टिका हुआ था। हत्या कर शव को टांग देने की आशंका जताई गई है।

युवती के साथ प्रेम प्रसंग के बाद दारोगा ने कर ली थी शादी

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गोविंद चौधरी के एक भाई का चयन दारोगा के रूप में हुआ है। उसने युवती के साथ प्रेम प्रसंग के बाद शादी कर ली थी। इसके कारण धमकी भी मिली थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो रही है। फिलहाल परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया है। वहीं लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।