ससुराल प्रेम में पुलिस के हत्थे चढ़ गया हार्डकोर नक्सली

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के अम्बा थाना की पुलिस ने संडा बाजार से एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है।

एएसपी अभियान शिव कुमार राव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली शिव भुईयां ढिबरा थाना क्षेत्र के दुलारे गांव का निवासी है। उस पर वर्ष 2009 में देव प्रखंड कार्यालय को उड़ाने, कई जगहों पर विस्फोटक पदार्थ की सप्लाई करने और पब्लिक प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने समेत एक दर्जन से अधिक नक्सली मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इन नक्सली कांडों के बाद से वह फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पिछले कई वर्षों से प्रयासरत थी। इसके अलावा गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ दर्ज अन्य वारदातों की सूचना झारखंड से भी प्राप्त की जा रही है। कहा कि नक्सली को गिरफ्तार करने के लिए चलाये गये ऑपरेशन में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

ससुराल से हुई नक्सली की गिरफ्तारी

उन्होने बताया कि नक्सली के बारे में जानकारी मिली कि वह पलामू जिले के हरिहरगंज के जहाना गांव अपने ससुराल बराबर आया करता है। इस सूचना के बाद से उसकी गिरफ्तारी को लेकर रणनीति बनाई जाने लगी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि नक्सली अपने ससुराल जहाना से औरंगाबाद के दुलारे आने वाला है। सूचना मिलते ही अंबा और ढिबरा थाना के थानाध्यक्ष के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें तैयार की गई। अंबा की टीम द्वारा संडा बाजार में और ढिबरा टीम द्वारा दुलारे एवं उसके आसपास क्षेत्र में गश्ती बढ़ाई गई। इसी क्रम में अम्बा पुलिस द्वारा नक्सली को संडा बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया