शहद व्यवसायी को कर्ज लेना पड़ा महंगा, वसूली नही होने कर्जदाता ने अगवा कर की पिटाई, मौत

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। कर्ज वसूलने के लिए पिटाई के बाद इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मामला औरंगाबाद से ही जुड़ा है।

मृतक सुभाष खरवार बारुण थाना क्षेत्र के गजबोर बिगहा का निवासी है। परिजनों ने बताया कि मृतक ने गांव के ही रविन्द्र खरवार से 10 हजार का कर्ज लिया था। कर्ज लेकर सुभाष औरंगाबाद के रामाबांध में शहद का व्यवसाय कर रहा था। इस बीच कर्ज चुकता करने में विलम्ब होने पर कर्जदाता ने उसे अगवा कर लिया। कर्जदाता उसे अकोढीगोला ले गया, जहां कमरे में बंद कर उसकी जम कर पिटाई की। इस दौरान सुभाष किसी तरह अकोढीगोला से भागने में कामयाब हो गया।

धायल अवस्था में घर आने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद सदर अस्पताल पहुंची औरंगाबाद नगर थाना पुलिस ने परिजनों का फर्दबयान लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को पूरा किया है। परिजनों ने रविन्द्र खरवार सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामलें की छानबीन में जुटी है।