गोली मारने के डर से रजाई में दुबका रहा गृहस्वामी, 4 लाख नगदी सहित सोने के जेवरात ले उड़ें चोर

गोह(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गोह के उपहारा गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर साढ़े 4 लाख रुपये नगद समेत सोने के जेवरात की चोरी कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची उपहारा पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद चोरो का पता लगाने में जुटी है।

बताया जाता है कि उपहारा गांव निवासी राजेश साव अपने दो बच्चांे मनीष कुमार व अभिषेक कुमार के साथ अपने घर में सोये हुए थे। घर में दरवाजा नही था। भाई की अनुपस्थिति में राजेश की पत्नी संध्या देवी अपनी गोतनी पूजा देवी के साथ दूसरे कमरे में सोई हुई थी। पास के कमरे में राजेश की मां मानती कुंवर सोई हुई थी। रात के लगभग 2 बजे चार पांच की संख्या में अज्ञात चोर घर की चहारदीवारी से घर मे घुसे। चोर की आहट राजेश को लगी। उसने करवट बदली।

उसी समय चोरो ने कहा कि जाग जायेगा तो इसे जान से मार दो। इस बात को सुनकर राजेश डर से रजाई में ही दुबका रहा। जब चोर ट्रंक की कुंडी उखाड़कर पैसे एवं जेवरात लेकर चले गए, तो राजेश ने आवाज देकर अपनी मां को जगाया। मां ने रात में ही शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चोर फरार हो गये थे। पीड़ित राजेश ने बताया कि ग्रामीणों के पहुंचने के बाद मोबाइल के माध्यम से मुखिया उमा शर्मा को सूचना दी गई। मुखिया द्वारा उपहारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उपहारा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की। थानाध्यक्ष रामराज सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। लेकिन चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। मामले का अनुसंधान किया जा रहा है।