सात वर्षों से फरार हार्डकोर नक्सली संजय सिंह भोक्ता गिरफ्तार, कई कांडों में थी तलाश

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। सशस्त्र सीमा बल(एसएसबी) और मदनपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान में सात वर्षों से फरार चल रहे नक्सली संजय सिंह भोक्ता उर्फ संजय भोक्ता को आंजन-नीमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर सशस्त्र सीमा बल 29वीं वाहिनी, गया के कमांडेंट हरे कुमार गुप्ता के निर्देश पर कंपनी की भलुआही यूनिट के कंपनी कमांडर धर्मेंद्र सिंह, मदनपुर थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा व पुलिस जवानों के संयुक्त अभियान में की गयी। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि नक्सली संजय सिंह भोक्ता कई कांडो मे वांछित था और लगभग सात वर्षों से फरार चल रहा था।

उसका अपने क्षेत्र मे काफी दबदबा था। पुलिस उसे कई वर्षों से खोजबीन रही थी लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। उसके उपर मदनपुर थाना में कई कांडो मे प्राथमिकी दर्ज है। उसे आंजन-नीमा क्षेत्र से गिरफ्तार कर थाना लाया गया। गहन पूछताछ में उसने कई नक्सली कांडो मे अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।