बारूण में मना हैंडलूम दिवस, लगी जीविका दीदियों के हाथों से निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी     

बारूण(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। नेहरू युवा केन्द्र के तत्वावधान में बारुण प्रखंड मुख्यालय स्थित गौतम बुद्ध नगर भवन में आठवां राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बारुण के प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष कुमार, अभाविप के नगर अध्यक्ष रंजन कुमार किंशु एवं वार्ड सदस्य संजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजक लौह पुरुष युवा कुशवाहा क्लब, सोहर बिगहा के सदस्यों ने आगत अतिथियों को शॉल एवं प्रिंटेड मग देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम जीविका दीदियों के सहयोग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न जीविका संगठन से जुड़ी सैंकड़ों महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान जीविका समूह की दीदियों के द्वारा हाथ से निर्मित वस्तुओ की प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पांच उत्कृष्ट प्रदर्शनी को चयनित किया। चयनित प्रतिभागी में प्रथम स्थान लतिका देवी(तनु जीविका ग्राम संग़ठन- टेंगरा), दूसरा स्थान नीरा देवी(देवी महिला जीविका ग्राम संगठन), तीसरा स्थान रूबी कुमारी(गीता जीविका स्वयं सहायता समूह), चौथा स्थान मंजू देवी(सरस्वती जीविका महिला ग्राम संगठन- केशोपुर), पांचवा स्थान पिंकी कुमारी(मधु जीविका स्वयं सहायता समूह-बारुण) शामिल हैं। सभी चयनित जीविका दीदियों को मुख्य अतिथि द्वारा  प्रिंटेड मग देकर पुरुस्कृत किया गया। संबोधन में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि हथकरघा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लघु और मध्यम उद्योग को बढ़ावा देना है। यह वस्त्र मंत्रालय के तहत आता है। बुनकर समुदाय को सम्मानित करने और भारत के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनके योगदान को स्वीकार करने के लिए हथकरघा दिवस मनाया जाता है।

सभी जीविका दीदियों से आग्रह किया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी अपने अपने घरों पर 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा लगाए एवं दुसरो को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रखंड के सभी पंचायतो के सभी वार्ड में तिरंगा झंडा लगाया जाना है, जिसकी खरीदारी जीविका दीदियों से ही करना है ताकि जीविका दीदी सशक्त हो सके। कहा कि जीविका महिलाओं के सशक्तिकरण का माध्यम है। इस मौके पर युवा मंडल के पंकज कुमार, सन्नी कुमार, राष्ट्रीय युवा कोर प्रयाग कुमार, जीविका की कम्यूनिटी कोऑर्डिनेटर पूनम कुमारी और मंजू कुमारी उपस्थित रही।