रुपये दो और प्रखंड अध्यक्ष का पद लो!, औरंगाबाद में लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष पर आरोप, पार्टी की राजनीति में भूचाल

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद में 23वें स्थापना दिवस पर दो फाड़ दिखने के साथ ही लोजपा(रामविलास) की राजनीति में भूचाल आ गया है।

पार्टी के एक गुट द्वारा आयोजित स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के बाद पार्टी की गोह प्रखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष कपिलदेव पासवान ने आरोप लगाया कि पार्टी में पद बेंचे जाते है। पार्टी जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर प्रखंड अध्यक्ष का पद बेंचते है। कहा कि जिलाध्यक्ष पार्टी का झंडा, डंडा और लेटर पैड साथ लेकर चलते है। राह चलते सड़क पर ही वें किसी को प्रखंड अध्यक्ष पद का मनोनयन पत्र सौंप देते है। उन्होने कहा कि पहले वें पार्टी के गोह प्रखंड अध्यक्ष थे। बाद में जिलाध्यक्ष ने दूसरे नेता को प्रखंड अध्यक्ष बना दिया।

वही पार्टी के एक दूसरे नेता लोजपा रामविलास के जिला सचिव संतोष पासवान ने आरोप लगाया कि पार्टी के जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर ने पार्टी को दुकान बना रखा है। उनका जब मन होता है किसी प्रखंड अध्यक्ष की हजामत बना डालते है। वें पार्टी को मनमाने तरीके से चला रहे है। संगठन के हित में उन्हे जिलाध्यक्ष पद से हटाना जरूरी है। इस बारे में पूछे जाने पर पार्टी के जिलाध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि उनपर लगाये गये सारे आरोप निराधार है। अगर कोई रूपये लेकर प्रखंड अध्यक्ष का पद बांटने का आरोप लगा रहा है, तो वह इसका प्रमाण भी दे। यदि वह ऐसा साबित कर देता है, तो वें पद से इस्तीफा दे देंगे और राजनीति से सन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह का आरोप लगाना पार्टी विरोधी कार्य है और पार्टी विरोधी कार्य करनेवाले ऐसे नेताओं पर कार्रवाई की जाएंगी।