इस विवाद में हुई थी पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या, एक गिरफ्तार, जानिए कारण

  • चार प्रतिशत मासिक ब्याज पर लिया था डेढ़ लाख रुपये
  • रेडिमेड की दुकान बंद होने पर बेरोजगार हो गया था आरोपित

दरभंगा : विकासशील इंसान पार्टी(VIP) के सुप्रीमो व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक को गिरफ्तार किया है। घटना का कारण ब्याज पर रुपये लेन-देन का विवाद है। बिरौल एसडीपीओ कार्यालय में एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बुधवार की शाम मीडिया को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार काजिम अंसारी बिरौल थाना के अफजला मोहल्ला निवासी मो. शफीक अंसारी का पुत्र है। वह बिरौल नगर पंचायत के सुपौल बाजार में रेडीमेड की दुकान चलाता था। सूद पर रुपये के लेन-देन में हत्या करने की जानकारी दी गई है।

काजिम ने 2022 में एक लाख रुपये ब्याज पर लिया था। वर्ष 2023 में 50 हजार रुपये लिया था। राशि चार प्रतिशत मासिक ब्याज पर दी गई थी। ब्याज की राशि बढ़ती जा रही थी। इसका कपड़ा का दुकान बंद हो गया था। बेरोजगार हो गया था। कर्ज की राशि को चुका पाने में समर्थ नहीं हो रहा था। उसने अपनी जमीन के कागजात को गिरवी रखकर ब्याज लिया था। काजिम ने तीन दिन पहले पहले जीतन सहनी को ब्याज माफ करने के लिए कहा, फिर तीन रुपये के हिसाब से लेने के लिए कहा।

इस पर दोनों में वाद-विवाद हुआ था। उसने जमीन का कागज वापस करने के लिए दबाव बनाया। बात नहीं बनी तो सोमवार की रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले रेकी की। इसकी पुष्टि घटनास्थल के बगल वाले घर में लगे सीसी कैमरे के फुटेज से हुई। इसके बाद लगभग डेढ़ बजे रात में पीछे के दरवाजे से साथियों के साथ अंदर घुसा। दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। प्रवेश करने के बाद आरोपितों ने जीतन सहनी को जगाकर डरा धमका कर अपनी जमीन और लोन के कागजात मांगे।

जीतन ने कागज देने के बदले गाली देना शुरू कर दिया। इस पर काजिम ने गुस्से में आकर ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया। बाकी लोगों ने हाथ पैर पकड़ कर रखे थे। हत्या करने के बाद आरोपितों ने लाल रंग के आलमारी की चाबी ढूंढने की कोशिश की ताकि अपने कागजात वापस ले जा सके। चाबी नहीं मिली। इसके बाद सभी ने मिलकर आलमारी को बंद अवस्था में पानी मे फेंक दिया ताकि सभी कागज गलकर नष्ट हो जाएं। इसके बाद वहां से फरार हो गए।

आरोपित के नाखून, शर्ट एवं जींस पैंट पर लगे खून के नमूने से भी एफएसएल की टीम ने इसकी पुष्टि कर दी है। अब तक के अनुसंधान व साक्ष्य के आधार पर प्रथम दृष्टया काजिम अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य साथियों के बारे में उसने जो जानकारी दी है, उसकी वैज्ञानिक तरीके से छानबीन चल रही है। हालांकि कांड में कितने लोग काजिम अंसारी के साथ थे, इस बारे में एसएसपी ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। कहा कि कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है।

(आप हमें FacebookXInstagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)