अम्बा में गोली मारकर पूर्व जिला पार्षद के पति की हत्या, एक घायल

मनोज पांडेय, अम्बा(औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र के नवीनगर रोड के बतरे नदी के पुल के समीप शुक्रवार की शाम अपराधियों ने पूर्व जिला पार्षद सुमन कुमारी के पति सुजीत कुमार मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी। सुजीत कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा बिगहा गांव के निवासी थे। इस घटना में बाइक से उनके साथ आ रहे युवक चंदन कुमार मेहता भी गोलीबारी के शिकार हो गए। चंदन की स्थिति भी नाजुक बताई जाती है।

बताया जाता है कि सुजीत व चंदन बाइक से अंबा की ओर से आ रहे थे। इसी क्रम हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी और चलते बने। सुजीत मेहता को छह गोलियां लगी हैं। घटनास्थल से पुलिस ने खोखा बरामद किया है। हमलावर किस गाड़ी से थे, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हमले के क्रम में इनकी बाइक अनियंत्रित होकर नदी में चली गई और दोनों घायल होकर कर गिर गए। आनन-फानन में लोग दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। इलाज के क्रम में सुजीत मेहता की मौत हो गई और चंदन को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई और सड़क जाम कर रहे लोगों को तितर-बितर कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आस-पास के लोगों से घटना के संदर्भ में पूछताछ भी की। घटना को लेकर अंबा बाजार में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने अंबा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विदित हो कि सुजीत मेहता पर पूर्व जिप सदस्य के पति मुन्ना सिंह की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसमें उसे जेल जाना पड़ा था। कई सालों तक जेल में रहने के बाद वह बेल पर बाहर आया था। सदर एसडीपीओ गौतम शरण ओमी, नगर थानाध्यक्ष सतीश बिहारी शरण, पूर्व थानाध्यक्ष अंजनी कुमार, जितेन्द्र कुमार, मनेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी ली गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।