वन विभाग ने सिंहा काॅलेज प्रांगण में मनाया 73वां वन महोत्सव, डीएम-एसपी, डीएफओ, प्राचार्या व छात्रों ने लगाए पौधें

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा मंगलवार को शहर सच्चिदानंद सिंहा महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित 73वें वन महोत्सव का उद्घाटन किया।

इस दौरान सर्वप्रथम वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जायसवाल ने स्वागत भाषण कर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा एवं प्राचार्या डाॅ. रेखा कुमारी का स्वागत किया। इसके बाद डीएम ने अपने संबोधन के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। डीएम ने वन विभाग द्वारा औरंगाबाद जिले में किए गए वृक्षारोपण कार्य की सराहना की। आम जनों से अनुरोध किया कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं।

उन्होने बिहार सरकार द्वारा क्रियान्वित जल जीवन हरियाली अभियान के महत्व पर भी चर्चा की। कहा कि इस अभियान के तहत पिछले वित्तीय वर्ष में औरंगाबाद जिले में वन विभाग द्वारा 06 लाख से ज्यादा पौधारोपण का कार्य किया गया है एवं इस बार विभिन्न माध्यमों से 04 लाख से ज्यादा पौधारोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या एवं छात्र छात्राओं द्वारा भी पौधारोपण किया गया।