अंबा औरंगाबाद। रात्रि रक्त पट्ट संग्रह अभियान के तहत रेफरल अस्पताल कुटुंबा के द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए निशुल्क फाइलेरिया जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि 24 और 25 नवंबर की रात्रि ग्राम पंचायत सूही तथा 28 और 29 नवंबर की रात्रि डुमरा पंचायत में जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर द्वारा फैलने वाली गंभीर और दीर्घकालिक बीमारी है। इसका परजीवी वुचेरेरिया बैनक्रॉफ्टी बिना लक्षण के शरीर में प्रवेश करता है और छह माह से पंद्रह वर्षों के भीतर किसी भी समय शरीर के अंगों को प्रभावित करता है। रात्रि रक्त पट्ट संग्रह, माइक्रोस्कोपिक जांच और समय पर इलाज ही इसका प्रभावी समाधान है। फिलहाल नाइट ब्लड सर्वे ही एक ऐसा माध्यम है जिसके जरिए फाइलेरिया के परजीवी की पहचान की जा सकती है। उन्होंने अपील किया है कि नाइट ब्लड सर्वे के दौरान जांच कराएं और लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें।
