हर खेत तक सिचाई का पानी पहुंचाने के लिए पांच विभाग कर रहे काम, जल्द मिलेगा पानी : संतोष सुमन

मदनपुर(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। बिहार सरकार के लघु जल संसाधन और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री डाॅ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि राज्य के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पित है। इसके लिए पांच विभाग मिल कर दिन रात कार्य कर रहे हैं। सर्वे का कार्य कराया जा रहा हैं। बहुत जल्द ही खेतों में पानी पहुंचा दिया जाएगा।

श्री सुमन ने यहां के स्थानीय खेल मैदान में जिला दलित महादलित प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में कहा कि राज्य में 72 प्रतिशत लोग किसान हैं और उनकी जीविका खेती ही है। सरकार किसानों के साथ ही समाज के दबे, कुचले, उपेक्षित और अंतिम व्यक्ति के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक विकास तथा सशक्तिकरण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हर गांव, टोला, कस्बा, खेतों तक पानी पहुंचेगा। इसके लिए पांच विभाग-जल संसाधन, लधु सिंचाई, कृषि, उर्जा और राजस्व विभाग लगातार काम कर रहे हैं। सरकार किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने तथा खेतों को हरा भरा करने के लिए दिन रात काम कर रही है। समाज में हर समुदाय, जाति, धर्म के लोगों में गरीब, पिछड़ा हैं। इन लोगो के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से समाज के हर समुदाय के गरीब वर्ग के लोगो के विकास की कल्याणकारी योजनाओं को मूर्तरुप दिया जा रहा है। जल संचयन और संग्रहण के लिए चेक डैम, तालाबों का निर्माण कराया जा रहा हैं ताकि जल स्रोत बने रहे। कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक होती हैं। उनका हम अभिनंदन करते हैं। समारोह में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा सेकुलर के राष्ट्रीय महासचिव सुनील चैबे, जिलाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार सिंह, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शबनम सुल्ताना, पूर्व जिला पर्षद उपाध्यक्ष राम प्रवेश भुईयां, कमलेश सिंह, धनंजय भुईयां, मुखिया सुरेन्द्र प्रसाद, भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय पाठक, श्रवण कुमार, प्रेम कुमार, जिला पार्षद प्रतिनिधि माथुर सिंह भोक्ता, विलास भूईयां आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजु रिकियासन ने किया।