पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। बिहार के किसी भी पैक्स में न तो खाद उपलब्ध है और न ही MSP पर धान की खरीदारी हो रही है। बिहार में जारी खाद संकट से कालाबाजारी चरम सीमा पर है। वहीं राज्य के अधिकांश पैक्स व व्यापार मंडल में धान की खरीद नहीं हो रही है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय ने आज जारी बयान में कहा कि बिहार के किसान खाद के लिए त्राहि त्राहि कर रहे हैं। राज्य के किसी भी पैक्स में खाद उपलब्ध नहीं है। वहीं खाद माफिया उच्ची कीमतों पर खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं।
खाद की कालाबाजारी में स्थानीय प्रशासन का भी संरक्षण माफियाओं को मिल रहा है। राज्य सरकार को इन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए किसानों के लिए जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराए ताकि किसानों को इस मौसम में खाद की किल्लत का सामना न करना पड़े।
राज्य सचिव ने कहा कि धान खरीद की भी राज्य में स्थिति खराब है। अधिकतर पैक्स व व्यापार मंडल में धान की खरीदारी नहीं हो रही है। किसान औने पौने दाम में धान बेचने को विवश को रहे हैं। जिन पैक्सों में धान की खरीद हो भी रही है एमएसपी पर खरीद नहीं हो रही है। राज्य सचिव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अविलंब राज्य के सभी पैक्सों व व्यापार मंडलों में धान की खरीद हर हाल में शुरू कराने व खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)