खेत देखकर लौट रहे किसान नदी में डूबने से मौत, शव की तलाश जारी

गोह(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गोह थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में रविवार को देर शाम खेत देखकर लौट रहे किसान राजन गुप्ता(54वर्ष) की पुनपुन नदी में डूबने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष शमीम अहमद, एसआई माघवेंद्र प्रताप सिंह, केडी यादव एवं चंद्रशेखर प्रसाद सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरु कराई जो अभी भी जारी है। घटना के लगभग 20 घंटे बीतने के बावजूद अभी शव मिल नही पाया है। बताया जाता है कि शेखपुरा गांव निवासी 54 वर्षीय राजन गुप्ता रविवार की दोपहर गांव से पश्चिम पुनपुन नदी पार कर अपना खेत देखने गए थे। वापस लौटने के क्रम में ज्योही नदी पार होने लगे कि नदी की तेज धारा में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे पानी मे लापता हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही देवहरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुनील कुमार, सीओ मुकेश कुमार एवं थानाध्यक्ष शमीम अहमद सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू कराई जो अभी भी जारी है। शव को ढूढ़ने के लिए प्रशासन ने औरंगाबाद से बड़ा जाल मंगाया है। वही गांव के गोताखोर मनीष पासवान, अम्बिका पासवान, संजय पासवान, सरयू चौधरी, राजू चौधरी सहित दर्जनों लोगों की मदद से शव की तलाश की जा रही हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों में उप मुखिया मुन्ना साव, पैक्स अध्यक्ष संजय प्रसाद, चुन्नू बारी, राजीव मिश्रा, मुकेश साव एवं शम्मी खां भी शव की तलाश में लगातार प्रयासरत है। घटनास्थल पर मौजूद सीओ मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद हमलोग घटनास्थल पर रविवार को शाम से ही कैम्प कर स्थानीय गोताखोरो की मदद से शव की तलाश करा रहे है, लेकिन 24 घंटे बीतने के बावजूद शव नही मिल पाया है। कहा कि एसडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई है। लगातार शव की तलाश की जा रही है। वही थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से गोताखोरों की मदद से शव को तलाशने का प्रयास जारी है।