झिकटिया में भूमि विवाद को ले दो गुटों में मारपीट, 3 महिला समेत 8 घायल, 5 की हालत गंभीर

गोह(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। गोह के बंदेया थाना क्षेत्र के झिकटिया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में 3 महिला समेत कुल आठ लोग घायल हो गए।

परिजनों की मदद से घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक इलाज के बाद पांच की हालत को गंभीर देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया। बताया जाता है कि झिकटिया गांव निवासी रामजन्म बिंद एवं त्रियोगी मिस्त्री के बीच वर्षो से गैरमजरूआ भूमि की बन्दोबस्ती को लेकर भूमि विवाद चल रहा था।

इसी दौरान मंगलवार की सुबह दोनो के बीच तू तू मैं मैं होने लगा। बात बढ़ती गई। बात इतना बढ़ी की गाली गलौज होते होते दोनो पक्षो में मारपीट होने लगी। देखते ही देखते झिकटिया गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मारपीट में प्रथम पक्ष के त्रियोगी मिस्त्री, उनकी पत्नी तिलेश्वरी देवी, पुत्र उदित कुमार, पुत्रवधू रिंकी देवी घायल हुई है। वही द्वितीय पक्ष के रामजन्म बिंद, ममता देवी, धनंजय बिंद, व जयकांत बिंद घायल हुए है। स्थानीय लोगो के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए गोह पीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों-त्रियोगी मिस्त्री, तिलेश्वरी देवी, रिकी देवी, रामजनम बिंद व ममता देवी की हालत गंभीर देखते हुए गया रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।