नहरों को बंद कर पानी का रास्ता मोड़ने की प्रवृति पर रोक हेतु जिला प्रशासन ने की खास व्यवस्था, मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस की लगाई गई नहरों के फाटकों पर ड्यूटी 

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद जिले में खेती के मौसम में विभिन्न नहरों एवं कैनाल के फाटक को स्थानीय लोगों द्वारा अनावश्यक रूप से बंद कर देने और अन्य रास्ते खोल देने की मिल रही सूचनाओं को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

जिला प्रशासन ने नहर एवं कैनाल के सुचारू संचालन को बाधित किये जाने से विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हाेने की संभावना को देखते हुए विभिन्न नहरों एवं कैनालों विशेषकर फाटकों पर विशेष निगरानी बनाए रखने एवं विधि व्यवस्था संधारण करने हेतु इन स्थलों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कृष्णा कुमार ने बताया कि सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल औरंगाबाद, सोन कमांड क्षेत्र, सिंचाई प्रमंडल दाउदनगर, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल औरंगाबाद, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल मदनपुर, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल नबीनगर, उत्तर कोयल नहर प्रमंडल अम्बा, बटाने शीर्ष कार्य प्रमंडल हरिहरगंज, सिंचाई यांत्रिक प्रमंडल औरंगाबाद, पुनपुन बैराज गोह से संबंधित कैनाल एवं विभिन्न फाटकों पर गश्ती करने हेतु दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रमंडल क्षेत्र में नहरों- कैनालों विशेषकर फाटकों पर नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी सुनिश्चित करेंगे ताकि नहरो-कैनालों पर नाजायज ढंग से किसी व्यक्ति के द्वारा फाटक बंद न किया जा सके। साथ ही शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे।