कोरोना के कारण अचला सप्तमी पर लगातार तीसरे साल देव में नही मनने जा रहा सूर्य महोत्सव, मामलों में कमी के बाद कोविड प्रतिबंधों में सरकार ने दी ढ़ील, अब भव्यता से मनेगा सूर्य जन्मोत्सव

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। कोरोना की तीसरी लहर को लेकर राज्य में लागू प्रतिबंधों के कारण औरंगाबाद के विश्व प्रसिद्ध सौर तीर्थस्थल देव में हर वर्ष भगवान भाष्कर के जन्मोत्सव अचला सप्तमी पर आयोजित होने वाले सूर्य महोत्सव का आयोजन लगातार तीसरी बार टल गया लेकिन कोरोना के मामलों में कमी के बाद प्रतिबंधों में ढ़ील दिये जाते ही सूर्य जन्मोत्सव को भव्यता से मनाये जाने का रास्ता साफ हो गया है।

देव में स्थानीय स्तर पर अचला सप्तमी के दिन 8 फरवरी को सूर्यनारायण रथ यात्रा निकालने की जोरदार तैयारी चल रही है। देव पर्यटन विकास केन्द्र के के अध्यक्ष उदय सिंह ने बताया की शास्त्रोक्त विधि से पूजा पाठ के बाद मंगलवार 8 फरवरी को 11 बजे दिन से सूर्यनारायण रथ यात्रा का शुभारंभ किया जायगा। रथ यात्रा देव किला से आरंभ होकर देव बाजार, देव गोदाम, चौरसिया नगर, बरई बीघा, देव हाई स्कूल होते हुए पुनः देव किला आकर समाप्त होगी। इस दौरान सूर्यकुंड के पास मध्याह्न आरती का भी कार्यक्रम होगा।

उन्होने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के मद्देनजर लोगों से अपील है कि रथ यात्रा में मास्क लगाकर ही शामिल हो। कोविड के मद्देनजर सूर्य नारायण रथ यात्रा में इस बार कलश यात्रा एवं प्रसाद वितरण नहीं किया जायगा। साथ ही देववासियों से आग्रह है कि सूर्य जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर अपने घरों को सजाएं ,रंगोली बनाएं, दीएं जलाएं और धुमधाम से सूर्य जन्मोत्सव मनाएं। लोगों से अपील है कि अचला सप्तमी पर नमक का त्याग कर मीठा भोजन कर पुण्य का भागी बने। संस्था अच्छी रंगोली बनाने वाले बच्चों को सम्मानित करेगी।