पटना : बिहार के प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. कुमार राजेश रंजन ने अपनी विशेषज्ञता से 66 वर्षीय यदावती देवी (परिवर्तित नाम) को नया जीवन दिया। रोहतास की रहने वाली यदावती लंबे समय से पेशाब में दर्द और रक्तस्राव की समस्या से पीड़ित थीं।

पटना के सत्यदेव हॉस्पिटल में जांच के दौरान उनकी बाईं किडनी से निकलने वाली मूत्रवाहिनी में अपर ट्रैक्ट यूरोथेलियल कार्सिनोमा नामक कैंसर का पता चला। यह गंभीर कैंसर किडनी और यूरेटर की परत को प्रभावित करता है।
जटिल सर्जरी से मिली राहत
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉ. राजेश ने तुरंत रेडिकल नेफ्रोयूरेटेरक्टोमी सर्जरी करने का निर्णय लिया। इस जटिल ऑपरेशन में दूरबीन तकनीक (लैप्रोस्कोपिक सर्जरी) का उपयोग कर कैंसरग्रस्त किडनी, यूरेटर और ब्लैडर कफ को सुरक्षित रूप से हटाया गया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही, और मरीज अब स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही हैं।
समय पर निदान और सटीक उपचार की अहमियत
डॉ. राजेश रंजन ने बताया कि अपर ट्रैक्ट यूरोथेलियल कार्सिनोमा का समय पर निदान और सटीक सर्जरी से इलाज संभव है। उन्होंने मरीजों को लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। उनकी इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया कि उन्नत तकनीक और विशेषज्ञता से गंभीर बीमारियों का भी सफल इलाज हो सकता है।
डॉ. राजेश: बिहार के गौरव
औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड, मखरा गांव के निवासी डॉ. कुमार राजेश रंजन अपनी कुशल सर्जरी और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्थानीय लोग गर्व महसूस कर रहे हैं, बल्कि बिहार के चिकित्सा क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय है।
