मुख्यमंत्री के गृह जिले से रिश्वत लेते उठा लिए गए डीपीओ व मास्टर साहब

  • डीपीओ व शिक्षक 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हिलसा (नालंदा) : नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल में शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। निगरानी विभाग की टीम ने शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) अनिल कुमार और एक शिक्षक को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Oplus_16908288

जानकारी के अनुसार, यह रिश्वत महंथ विद्यानंद इंटर कॉलेज में जांच कमिटी के गठन के एवज में मांगी गई थी। डीपीओ अनिल कुमार पर आरोप है कि उन्होंने उक्त कॉलेज की जांच समिति गठित करने के लिए एक शिक्षक से घूस की मांग की थी। शिक्षक की शिकायत पर निगरानी विभाग ने पूर्व नियोजित तरीके से जाल बिछाया और दोनों को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

निगरानी विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया और रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद की। गिरफ्तार किए गए डीपीओ और शिक्षक को निगरानी थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भ्रष्टाचार के खिलाफ बढ़ती सख्ती का संदेश गया है। निगरानी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने पहले से योजना बनाई थी और जैसे ही रिश्वत दी गई, दोनों को पकड़ लिया गया।

जांच के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।