दहेज लोभी पति ने पत्नी को छत से फेंका, मौत, कुटुम्बा थाना क्षेत्र के परसावां गांव की रहने वाली थी मृतका

अम्बा(औरंगाबाद)(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। एक दहेज लोभी पति ने दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी से मारपीट की तथा उसे छत से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतका 27 वर्षीया रश्मि पांडेय कुटुंबा थाना क्षेत्र के परसावां गांव निवासी रामाधार मिश्रा की पुत्री थी। सात वर्ष पूर्व उसकी शादी नबीनगर थाना क्षेत्र के रजबरिया कला गांव निवासी रजनीश पांडेय के साथ हुई थी। वर्तमान में पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित इरगा टोली में परशुराम पंडित के मकान में किराए पर रह रहे थे।

गत बुधवार को मायके वालों को छत से गिरकर उनकी पुत्री के निधन की सूचना मिली। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे। मामले को लेकर मृतका के भाई अभिषेक कुमार ने सुखदेव नगर थाना में आवेदन देकर दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है। उसने पुलिस को दिए गए आवेदन में उल्लेख किया है कि शादी के कुछ वर्षों के बाद से ही दहेज में बाइक व रुपए की मांग को लेकर ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। दहेज के लिए ही मारपीट कर उसकी बहन को छत से धक्का दे दिया गया, जिसके कारण सेवा सदन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।