साप्ताहिक बैठक में डीएम ने की विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। औरंगाबाद के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवारी बैठक कर सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से उनके विभाग से आए पत्रों के आलोक में की गई प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के पत्र के आलोक में औरंगाबाद के सिटी मैनेजर ने बताया कि सरकारी निकायों की भूमि पर रह रहे आवास हीन परिवारों के लिए नगर विकास विभाग द्वारा भूमि क्रय करने हेतु प्रस्ताव की मांग की गई है। ऐसे आवास हीन परिवारों की सूची तैयार की जा रही है। सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होने पर भूमि क्रय करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। वही कब्रिस्तान घेराबंदी में प्रगति लाने के लिए बैठक में उपस्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी अभिनय कुमार ने बताया कि कब्रिस्तान घेराबंदी हेतु बचे हुए कब्रिस्तान का सीमांकन किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में विगत वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के दौरान केंद्र पर कार्यरत कर्मियों के भुगतान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। साथ ही शहर के केंद्रीय पुस्तकालय के रेनोवेशन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया।

बैठक के बाद वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यासागर सिंह एवं औरंगाबाद के अंचलाधिकारी प्रेम कुमार द्वारा जिला केंद्रीय पुस्तकालय का विजिट किया गया। उन्होंने वहां पर संधारित सभी पंजियो का निरीक्षण किया एवं जो पंजिया पुरानी हो चुकी हैं उन्हें बदलने का निर्देश दिया। साथ ही पुस्तकालय की रोजाना साफ-सफाई करने का भी निर्देश पुस्तकालय अध्यक्ष को दिया। इसके बाद पंचायत आम निर्वाचन-2021 के मद्देनजर कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। साथ ही अन्य सभी विभागीय पदाधिकारियों को उनके विभागीय पत्रों के आलोक में सामान्य दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त अंशुल कुमार, अपर समाहर्ता आशीष कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता लोक शिकायत गोविंद चैधरी, सिविल सर्जन डॉ. अकरम अली, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश सिन्हा, जिला भू अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता फतेह फैयाज, वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार सिंह, वरीय उप समाहर्ता कृष्णा कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यासागर सिंह एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।